झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। शिबू सोरेन झामुमो के संस्थापक संरक्षक थे। उनके निधन से झारखंड में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नई दिल्ली: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद आज दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में आज निधन हो गया। उनके निधन के बाद झारखंड समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। शिबू सोरेन को आदिवासियों का बड़ा नेता माना जाता था। इस बीच अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सर गंगा राम अस्पताल पहुंचकर दिवंगत शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उनका पूरा जीवन आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।

वहीं इससे पहले पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए लिखा कि शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शोक जताते हुए कहा कि शिबू सोरेन जी के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है। झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। अपने सहज व्यक्तित्व और सरल स्वभाव से वे जन-जन से जुड़े। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल सोरेन परिवार और उनके प्रशंसकों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति





