आगरा। शहर में मंगलवार को बादल झमाझम बरसे तो तीन दिन से उमस से बेहाल शहरवासियों को राहत मिली। सुबह से रात तक कई बार वर्षा होने से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग ने बुधवार को भी अच्छी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है। तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
शहर में शुक्रवार को वर्षा हुई थी। शनिवार, रविवार व सोमवार को बादल तो उमड़े थे, लेकिन बरसे नहीं थे। उमस अधिक रहने से शहरवासी बेहाल हो उठे थे।
सुबह से ही बदला नजर आया मौसम
मंगलवार को सुबह से ही मौसम बदला नजर आया। यमुना पार, ट्रांस यमुना कॉलोनी, कालिंदी विहार, टेढ़ी बगिया, क्षेत्र में सुबह 7:30 बजे के करीब वर्षा शुरू हाे गई। अन्य क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हवा चलती रही। लोहामंडी, जयपुर हाउस, शाहगंज, आवास विकास कालोनी, ताजगंज आदि क्षेत्रों में सुबह नौ बजे से 10:30 बजे तक वर्षा हुई। दोपहर 3:15 बजे के करीब पूरे शहर में एक साथ झमाझम वर्षा होने से मौसम सुहाना हो उठा। शाम और रात में भी वर्षा हुई।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि बुधवार को भी अच्छी वर्षा होने की संभावना है। तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा।
28.5 एमएम वर्षा
शहर में मौसम विभाग के ताजमहल स्थित केंद्र पर मंंगलवार को सुबह से शाम 5:30 बजे तक 28.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। रात को हुई वर्षा के आंकड़े इसमें शामिल नहीं हैं।
वर्षा के चलते मंगलवार को एमजी रोड और हाईवे पर जाम की स्थिति
वर्षा के चलते मंगलवार को एमजी रोड और हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। वाहनों की लंबी लाइन के चलते पांच मिनट का रास्ता 45 मिनट में तय हो सका। दीवानी के पास एंबुलेंस फंस गई। दोपहर से लेकर रात तक एमजी रोड और हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। एमजी रोड की दो लेन पर बैरिकेडिंग के चलते सड़क संकरी हो गई है। जिसके चलते एक साथ दो बड़े वाहन नहीं निकल सकते हैं। दोपहर में वर्षा से खुद को बचाने के लिए दोपहिया वाहन चालक खड़े हो गए थे।
वर्षा के रुकते ही दोपहिया वाहन चालकों समेत अन्य राहगीर बड़ी संख्या में निकल पड़े। जिससे एमजी रोड पर भगवान टाकीज चौराहे से प्रतापपुरा तक जाम के हालात पैदा हो गए। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिसमें एंबुलेंस और स्कूली बच्चों के वाहन फंस गए।
ब्यूरो रिपोर्ट







