नरहरपुर में रंजना साहू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर माल्यार्पण कर किये नमन, मण्डल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन धमतरी- एकात्म मानववाद के प्रणेता, महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत नरहरपुर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर रंजना साहू सहित कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शों और विचारों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, तपस्या और समर्पण का अनुपम उदाहरण है, उन्होंने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को केंद्र में रखते हुए ऐसी विचारधारा प्रस्तुत की, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की परिकल्पना निहित है। साहू ने आगे कहा कि ‘एकात्म मानववाद केवल एक राजनीतिक विचार नहीं, बल्कि मानव जीवन और समाज के सर्वांगीण विकास का दर्शन है, पंडित दीनदयाल का मानना था कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सम्मान, अवसर और खुशहाली सुनिश्चित करना होना चाहिए। इसी विचार से उनका ‘अंत्योदय’ का दर्शन सामने आया, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। रंजना साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना राष्ट्रीय एकता और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका जीवन हम सभी को यह प्रेरणा देता है कि राष्ट्र की प्रगति तभी सार्थक है, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी के विचार आज भी जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। उनके अंत्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के जनप्रतिनिधि, मण्डल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






