ज्ञान अमृत इंग्लिश हाईस्कूल में मनाया गया शिक्षक सम्मान समारोह

महापौर रामू रोहरा ने कहा शिक्षक समाज के निर्माता, उनके सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का गौरव धमतरी। ब्राह्मणपारा स्थित ज्ञान अमृत इंग्लिश हाईस्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान कर उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा राजेश तिवारी एवं विनोद कुमार पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की नींव तैयार करते हैं। एक शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश और समाज का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।महापौर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यालय परिवार को शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति सम्मान और विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

Recent Posts