“500 करोड़ के एआई मिशन से बदलेगा छत्तीसगढ़ : चेमन देशमुख”

500 करोड़ के एआई मिशन से बदलेगी छत्तीसगढ़ की डिजिटल तस्वीर : चेमन देशमुख

बालोद :– भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश में सुशासन, नई तकनीक, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
देशमुख ने कहा कि पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये की लागत से लागू होने वाला यह मिशन प्रदेश के दूर-दराज़ जिलों, छोटे शहरों और कस्बों तक एआई तकनीक की पहुंच सुनिश्चित करेगा। इसके तहत राज्यभर में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित किए जाएंगे, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे तथा 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक और तकनीकी सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, सरल और तेज़ बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए देशमुख ने कहा कि कांग्रेस ने तकनीक और कंप्यूटरीकरण के नाम पर केवल दावे किए, जबकि भाजपा सरकार ने योजनाओं को धरातल पर उतारकर डिजिटल परिवर्तन की दिशा में ठोस कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि यह मिशन भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप छत्तीसगढ़ को नवाचार आधारित और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल राज्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
देशमुख ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य मंत्रिपरिषद का इस महत्वाकांक्षी मिशन को मंजूरी देने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार, नवाचार और कौशल विकास के नए अवसर सृजित होंगे।

Recent Posts