रायपुर/गरियाबंद। श्रावण मास की कालाष्टमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के ग्राम मड़ेली (छुरा) स्थित महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम अघोर मठ में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। 5 अगस्त 2026, बुधवार को यहां दिव्य पूजन, अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित किया गया है। परम पूज्य अघोर पीठाधीश बाबा श्री रुद्रानंद प्रचंड वेग नाथ जी के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले इस विशेष महानुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग को छत्तीसगढ़ महाकौशल क्षेत्र का एकमात्र तथा विश्व का 13वां ज्योतिर्लिंग बताया जाता है, जहां श्रावण मास में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। रात्रि में होंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजन के तहत 5 अगस्त, बुधवार की रात्रि को अघोराभिषेक, श्रृंगार पूजन, हवन-अग्निहोत्र और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग का विशेष पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके अगले दिन 6 अगस्त, गुरुवार को प्रातःकालीन पूजन, भोग अर्पण और महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन स्थल महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम अघोर मठ, ग्राम मड़ेली ब्लॉक छुरा, जिला गरियाबंद रहेगा। श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत धाम में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।






