जनहित की मांगों को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन मिला जल्द निराकरण का आश्वासन।

शहरी क्षेत्र के अटल आवास जीर्णोद्धार, पुनः निर्माण सहित विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा धमतरी नगर निगम क्षेत्र और ग्रामीण अंचलों की विभिन्न बुनियादी समस्याओं और जनहित की मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर निवास पहुंचकर कलेक्टर से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान नगर निगम के पार्षदों और भखारा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिस पर कलेक्टर ने सभी कार्यों को समय पर पूर्ण कराने का ठोस आश्वासन दिया है। विवेकानंद वार्ड और जोघापुर वार्ड सहित विभिन्न वार्डों में स्थित जर्जर अटल आवासों के तत्काल जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की मांग की गई, जिला शासकीय अस्पताल में लंबे समय से जारी डायलिसिस विशेषज्ञ (डॉक्टर) की कमी को दूर करने का आग्रह किया गया ताकि मरीजों को बाहर न जाना पड़े। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भखारा में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए तत्काल एक नियमित एमबीबीएस (MBBS) डॉक्टर नियुक्त करने की मांग उठाई गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोरिद भाट में छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर आहता (बाउंड्रीवॉल) निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की गई। नयापारा वार्ड के नागरिकों की सुविधा के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया गया। रिसाईपारा पश्चिम वार्ड सहित नगर निगम के विभिन्न वार्डों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने की मांग की गई। साथ ही निगम पार्षदों के द्वारा नगर निगम में जारी भ्रष्टाचार और कमीशन को लेकर जांच कर कार्रवाई करने मांग की गई। कलेक्टर ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और पार्षदों की सभी मांगों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन सभी विकास कार्यों और स्वास्थ्य-शिक्षा संबंधी मांगों को समय सीमा के भीतर प्राथमिकता से पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के साथ नगर निगम धमतरी के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भखारा के अध्यक्ष होमेन्द्र साहू, नगर पंचायत भखारा के नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर, नगर निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष विशुदेवांगन, पार्षद योगेश लाल, पूर्णिमा रजक, भागी ध्रुवगजानंद रजक सहित अन्य उपस्थित रहे।

Recent Posts