शाला प्रवेशोत्सव में गूंजा शिक्षा का संदेश प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत, पाठ्यपुस्तक, गणवेश, साइकिल और दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक सामग्री का वितरण पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, विद्यार्थियों के साथ किया न्योता भोजन धमतरी/ नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर मराठा मंगल भवन, धमतरी में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री वर्मा ने नूतन विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल प्रकृति के संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया शाला गणवेश प्रदान किए तथा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सहायक सामग्री (किट) प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया।अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के व्यक्तित्व, समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। आज का विद्यार्थी ही कल का वैज्ञानिक शिक्षक, किसान चिकित्सक सैनिक और जनप्रतिनिधि बनेगा। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा, अनुशासन और परिश्रम के साथ अध्ययन करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए एक संत और तीन मजदूरों की प्रेरक कथा सुनाई। मंत्री वर्मा ने बताया कि एक संत ने पत्थर तोड़ रहे तीन मजदूरों से एक-एक कर पूछा कि वे क्या कर रहे हैं। पहले दो मजदूरों ने उत्तर दिया कि वे केवल पत्थर तोड़ रहे हैं, जबकि तीसरे मजदूर ने उत्साहपूर्वक कहा कि वह एक ऐसे बांध के निर्माण में योगदान दे रहा है जिससे हजारों किसानों को सिंचाई और लोगों को पीने का पानी मिलेगा। मंत्री वर्मा ने कहा कि काम केवल हाथों से नहीं बल्कि उद्देश्य और सोच से बड़ा बनता है। यदि जीवन का लक्ष्य स्पष्ट हो तो साधारण प्रयास भी असाधारण परिणाम देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की सेवा का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने का आग्रह किया तथा शिक्षकों से बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और नैतिक मूल्यों का विकास करने का आह्वान किया।प्रभारी मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, डिजिटल शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा आर्थिक या सामाजिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री ने बच्चों के साथ आत्मीयता से न्योता भोजन भी किया जिससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व, आत्मविश्वास और उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में जिले की शिक्षा व्यवस्था विद्यालयों में विकसित अधोसंरचना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नवाचारों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, समावेशी और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।जिला शिक्षा अधिकारी मधुलता तिवारी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी।कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा एवं महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर, पूर्व विधायक रंजना साहू प्रकाश बैस जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Recent Posts

मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार को मिलेगी नई गति, ग्रामीण अंचलों को मिलेगा बेहतर उपचार