छत्तीसगढ़ राज्य में अब तक खरीदे गए कुल चने का लगभग 40 प्रतिशत अकेले धमतरी जिले से धमतरी/ प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत धमतरी जिले में चना खरीदी कार्य तेज गति से जारी है। जिले के 11 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से समर्थन मूल्य पर चना खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो रहा है। उपसंचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्धारित 1 लाख क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 5847 किसानों से 76 हजार क्विंटल चना खरीदी की जा चुकी है, जो लक्ष्य का लगभग 76 प्रतिशत है। विशेष बात यह है कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में अब तक खरीदे गए कुल चने का लगभग 40 प्रतिशत अकेले धमतरी जिले से है, जिससे जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान पर बना हुआ है।किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। तौल, भंडारण और परिवहन की सुचारू व्यवस्था के साथ-साथ किसानों के पंजीयन एवं सत्यापन कार्य भी सरल और पारदर्शी ढंग से किया जा रहा है। अब तक जिले के किसानों को लगभग 7 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है, जो सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किया गया है। इससे किसानों में उत्साह बना हुआ है और वे अधिक मात्रा में अपनी उपज विक्रय के लिए केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपनी उपज उपार्जन केंद्रों में लाकर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।






