धमतरी/ श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद लिया और नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। महापौर रोहरा ने शहर के हनुमान मंदिरों में पहुंचकर महाआरती में भाग लिया। मंदिरों में भक्ति का माहौल देखते ही बन रहा था, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर हनुमान जी की आराधना में लीन थे। इस दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर आरती की और प्रसाद वितरण किया। उन्होंने स्वयं भी प्रसाद ग्रहण कर भक्तों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति और सेवा के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें निष्ठा, परिश्रम और समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने नगरवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रमों में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। शहर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया।







