
“शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव: केन्द्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी”

बालोद :–केन्द्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के व्यक्ति, समाज और देश के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती, इसलिए सभी को अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
डॉ. चौधरी आज बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम नर्मदाधाम सुरसुली में आयोजित निषाद (केंवट) समाज के वार्षिक अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुण्डरदेही विधायक एवं निषाद समाज के प्रदेशाध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने की।

इस अवसर पर उन्होंने नवोदित पीढ़ी को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए नशापान से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नशा समाज के पतन का मुख्य कारण है और इससे दूर रहकर ही उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने माता-पिता से भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए त्याग और समर्पण की भावना अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. चौधरी ने निषाद समाज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध रहा है। त्रेता युग में भगवान श्रीराम को नौका पार कराने से लेकर देश के विभिन्न ऐतिहासिक कार्यों में निषाद समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निषाद समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण जैसे प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

अधिवेशन के दौरान आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विधायक संगीता सिन्हा, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नोहरू राम निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने नेत्रहीन बालिका भावना निषाद को हारमोनियम भेंट कर उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।






