
जनजातीय समाज भारत की आत्मा, विकसित भारत के निर्माण में निभा रहा अहम भूमिका : मोहन मंडावी

बालोद :– जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सर्किट हाउस बालोद में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख एवं जनजातीय समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन ‘उलगुलान’ का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक किया। उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी जनजातीय समाज के आत्मसम्मान और अधिकारों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमाराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे महान जननायकों ने देश की आजादी और समाज के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। दुर्भाग्यवश स्वतंत्रता के इतिहास में लंबे समय तक इन महान जनजातीय नायकों के योगदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिला।
पूर्व सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। इसके बाद से देशभर में जनजातीय महापुरुषों के सम्मान, उनकी विरासत के संरक्षण और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक एवं संग्रहालय स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, आयुष्मान भारत योजना और वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य, रोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इस विकास यात्रा में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित हो। जनजातीय समाज केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का मजबूत भागीदार है। भाजपा का मानना है कि जनजातीय समाज कोई वोट बैंक नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपरा और आत्मा का अभिन्न हिस्सा है।
प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों से अपने महापुरुषों के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही मीडिया से भी अपील की कि जनजातीय वीरों के बलिदान और समाज के विकास की गाथा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख
होरीलाल रावते वरिष्ठ भाजपा नेता, सोमेश सोरी पूर्व नगर पंचायत डौंडी, मुकेश कौड़ों
सहित जनजातीय समाज के पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






