धमतरी। जिले के धार्मिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से रुद्री स्थित महानदी के पावन तट पर रुद्रेश्वर महादेव कॉरिडोर का निर्माण 20 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने की योजना है। इसके लिए पहले 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन ने भेजने कहा था, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा जी से चर्चा उपरांत अब कॉरिडोर के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। महापौर रामू रोहरा ने बताया कि परियोजना को जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।महापौर रामू रोहरा ने बताया कि रुद्री स्थित प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर धमतरी की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। महानदी के तट पर स्थित इस स्थल को व्यवस्थित धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कॉरिडोर का निर्माण महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र की धार्मिक एवं पर्यटन संबंधी संभावनाओं को भी विस्तार मिलेगा।उन्होंने बताया कि रुद्रेश्वर महादेव भगवान रामवन गमन पथ में आता है धरम की नगरी धमतरी में इस परियोजना के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराने की योजना है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।महापौर ने कहा कि रुद्रेश्वर महादेव मंदिर धमतरी की पहचान और जनआस्था से जुड़ा हुआ है। कॉरिडोर विकसित होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को बेहतर स्वरूप देने में मदद मिलेगी। इससे धार्मिक आयोजनों के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिल सकता है।उन्होंने कहा कि धमतरी के धार्मिक सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों का विकास नगर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रुद्रेश्वर महादेव कॉरिडोर के माध्यम से इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।






