
धमतरी। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, धमतरी में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक शुरू हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है।

बैठक में धमतरी विधायक ओंकार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, जनपद पंचायतों एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने अतिथियों का स्वागत किया।इस अवसर पर सांसद चौधरी ने राइस मिलर्स एसोसिएशन, खनिज एसोसिएशन एवं किशन गोपाल महावर सेवा ट्रस्ट के सहयोग से जिले की 107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने के कार्यक्रम के तहत 10 स्मार्ट टीवी का प्रतीकात्मक वितरण किया। वहीं, जिले की 30 हजार महिलाओं को स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं रियूजेबल सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत 10 महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड (बाला किट) प्रदान की गई। उन्होंने शिक्षा विभाग की पुस्तक ‘मैं भी नागरिक’ का विमोचन भी किया।सांसद चौधरी ने इस अवसर पर धमतरी एआई मिशन’का औपचारिक शुभारंभ किया। साथ ही, अस्पताल में मरीजों को चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ओपीडी संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘एआई संगवारी’ पहल की शुरुआत की। इसके अतिरिक्त महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी’ का शुभारंभ किया गया।धमतरी एवं वीबी-जी राम जी योजना के अभिसरण से 100 संकुलों में महिलाओं (दीदियों) के लिए बकरी पालन को प्रोत्साहित करने हेतु ऊंचे फर्श एवं सौर ऊर्जा सुविधा से युक्त बकरी शेड निर्माण परियोजना का भी प्रारंभ किया गया।कार्यक्रम के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिले की आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने तथा महिला स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी पहलों में सहयोग देने के लिए राइस मिलर्स एसोसिएशन, खनिज एसोसिएशन एवं किशन गोपाल महावर सेवा ट्रस्ट के सदस्यों को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।






