वोट चोरी के खुलासों के खिलाफ जिला कांग्रेस कल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंकेगी पुतला कलेक्ट्रेट तक करेगी मार्च

वोट चोरी के कथित खुलासों के विरोध में और मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी व उनके कार्यकाल के निर्णयों की समीक्षा की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी कल एक बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। 28 सितंबर 2026, सोमवार को दोपहर 12:00 बजे कांग्रेस जन जनपद कार्यालय धमतरी के पास एकत्रित होंगे, जहां से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश मार्च निकाला जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इस प्रदर्शन को लोकतंत्र की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और जनमत की सुरक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त की जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। चंद्राकर ने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, विधायकगण, पूर्व विधायकगण, ब्लॉक अध्यक्षों युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल किसान कांग्रेस आदिवासी कांग्रेस के सदस्यों सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस कलेक्ट्रेट मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और बाबा साहब के संविधान को बचाने की इस लड़ाई में हर कार्यकर्ता की उपस्थिति अनिवार्य है।

Recent Posts