“नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 14वीं वाहिनी का नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर”

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 14वीं वाहिनी का स्वास्थ्य शिविर, जवानों की हुई नि:शुल्क जांच


बालोद/बीजापुर, ( छ. ग. ) :– 8 सितंबर 2026। 14वीं वाहिनी (भा.र.) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की ‘बी’ कंपनी, कैम्प तारूड़, जिला बीजापुर में “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है” के उद्देश्य से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य अंदरूनी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रत्ना ठाकुर, सिविल सर्जन जिला बीजापुर ने किया। इस दौरान कंपनी में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। चिकित्सकों की सलाह के आधार पर नि:शुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य किट भी वितरित किए गए।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र जांच एवं मलेरिया सहित विभिन्न जरूरी स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित पोषण के महत्व को लेकर भी जवानों को जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला बीजापुर की मेडिकल टीम के डॉ. रत्ना ठाकुर, डॉ. तरुण कुमार (आई स्पेशलिस्ट), डॉ. राहुल राठौर (एम.डी. मेडिसिन), डॉ. रजत ठाकुर (मेडिकल ऑफिसर), श्री अर्जुन प्रधान (नेत्र अधिकारी), श्री जयशंकर (फार्मासिस्ट), डॉ. जेंडी सत्यनारायणा सहित मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
वाहिनी की सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि अंदरूनी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने से उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होगी।

Recent Posts