“UCC पर मुस्लिम समाज का मंथन, बनेगी राज्य स्तरीय समिति”

UCC पर मुस्लिम समाज की बैठक में बनी सहमति, संवाद और संविधान के आधार पर सुझाव देगा समाज

रायपुर :– छत्तीसगढ़ शासन की समान नागरिक संहिता (UCC) समिति द्वारा विभिन्न वर्गों से सुझाव आमंत्रित किए जाने के क्रम में घासीदास संग्रहालय, रायपुर में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण बैठक 1 सितम्बर को आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ताओं, कानून विशेषज्ञों, उलेमा, मुफ्ती, शहर काजी, इस्लामिक स्कॉलर्स एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने UCC के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।


बैठक का उद्देश्य प्रस्तावित UCC को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से सकारात्मक, संवैधानिक एवं तथ्यात्मक सुझाव-पत्र तैयार करना रहा। इस दौरान मुस्लिम विवाह, निकाह, मेहर, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, वसीयत, बच्चों एवं महिलाओं के अधिकार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस संबंध में राज्य स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। समिति छत्तीसगढ़ के सभी संभागों एवं जिलों में समाज के प्रबुद्धजनों, उलेमा, इस्लामिक स्कॉलर्स, अधिवक्ताओं, मुतवल्लियों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं एवं बुद्धिजीवियों से राय-मशविरा करेगी। प्राप्त सुझावों को कानून विशेषज्ञों एवं उलेमा की संयुक्त टीम द्वारा व्यवस्थित कर छत्तीसगढ़ शासन की UCC समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शरीयत को केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न मानकर परिवारिक जिम्मेदारी, न्याय, महिलाओं के आर्थिक अधिकार, उत्तराधिकार एवं सामाजिक संतुलन की व्यवस्था के रूप में भी समझने की आवश्यकता है। मुस्लिम समाज की ओर से शरीयत के न्यायपूर्ण एवं मानवतावादी पहलुओं को संवैधानिक दृष्टिकोण के साथ समिति के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि UCC के विषय पर विरोध के बजाय रचनात्मक संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी तथा भारतीय संविधान में निहित समानता, न्याय एवं धार्मिक स्वतंत्रता के बीच संतुलन रखते हुए समाज के आवश्यक बिंदुओं को शासन की समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


बैठक का संचालन ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने किया।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वक्फ बोर्ड सदस्य फैसल रिजवी, मुफ्ती अय्यूब खान अज़हरी, वक्फ बोर्ड सदस्य मोहम्मद फिरोज खान, इमरान मेमन, पूर्व अध्यक्ष हाजी सलाम रिजवी, छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष हाजी युनूस कुरैशी, सोहेल सेठी, मौलाना सैयद मोहम्मद अशरफ, मौलाना आरिफ अली फारूकी, मौलाना एहतेशाम अली फारूकी,इल्यास निर्बान सहित बड़ी संख्या में उलेमा, अधिवक्ता, मुतवल्ली, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) डॉ. सलीम राज ने दी।

Recent Posts