
“बच्चों संग न्योता भोज, बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर कलेक्टर ने मनाया जन्मदिन”

बालोद :—कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सादगी, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने अपना जन्मदिन किसी औपचारिक आयोजन के बजाय वनांचल के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला के स्कूली बच्चों तथा आदमाबाद स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के बीच मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को न्योता भोज कराया, उन्हें स्कूल बैग, जूते एवं टॉफियां भेंट कीं, वहीं वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों को फल एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम नंगूटोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों के साथ न्योता भोज में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया और स्वयं प्लेट लगाकर बच्चों को भोजन भी परोसा। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन के अवसर पर कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूते एवं टॉफियां भेंट कर उनके प्रति अपना आत्मीय स्नेह और दुलार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में संवाद करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग, निष्ठा और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करने तथा अपने संस्थान, माता-पिता और परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर की आत्मीयता से स्कूली बच्चे और ग्रामीण अभिभूत नजर आए।

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आदमाबाद स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों को ताजे फल एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट की तथा प्रत्येक बुजुर्ग से व्यक्तिगत रूप से आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, दिनचर्या एवं खान-पान की सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को सभी अंतवासियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा पौष्टिक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान एवं देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बुजुर्ग भी प्रसन्न हुए और उन्होंने श्रीमती मिश्रा को दीर्घायु एवं सफल जीवन का स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, वृद्धाश्रम का स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
अपने जन्मदिन के अवसर पर बच्चों, बुजुर्गों, ग्रामीणों एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा आत्मीयता और उत्साह के साथ शुभकामनाएं देने पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।






