
बालोद में विकास की रफ्तार तेज: विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और टिनशेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, नागरिकों ने किया भव्य स्वागत”

बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने तांदुला डैम स्थित गौठान में टिनशेड निर्माण, वार्ड क्रमांक 1 में आरसीसी नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 19 में सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 18 में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर कार्यों की शुरुआत की।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान संबंधित वार्डों के नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 18 के रहवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी का आतिशबाजी एवं गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताओं की पूर्ति बताते हुए नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नपा अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, टिनशेड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी नगर के समग्र विकास की गति इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी सहित पार्षद गिरजेश गुप्ता, श्यामा यादव, पुष्पा साहू, कसीमुद्दीन कुरैशी, कैलाश यादव, ईश्वर साहू, जगदीश साहू, विनय राजपूत, अरविंद साहू, लोकेश साहू, युगल किशोर साहू, जागेश्वर ढीमर, शिव प्रसाद सोनकर, जगदीश यादव, याकेश्वरी देशमुख, सुरेखा बाई पटेल एवं गणेशी यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन, जल निकासी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। नगर पालिका परिषद ने भी नगर के समग्र विकास के लिए जनहित के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
नारा:
“हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे।”






