धनबाद स्टेशन समीप मजार में नई वक्फ प्रबंधन समिति के पदभार ग्रहण को लेकर विवाद

रिपोर्ट-मो0 जहाँगीर (स्टेट हेड-झारखंड) 76674 45950

धनबाद। रेलवे रोड स्थित हिल कॉलोनी मजार शरीफ में बुधवार को नई वक्फ प्रबंधन समिति के पदभार ग्रहण को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। नई समिति के सदस्य जब पदभार ग्रहण करने पहुंचे तो पूर्व समिति के सदस्यों ने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए धनबाद थाना एवं बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।

नई समिति के अध्यक्ष कमल अशरफ ने बताया कि झारखंड वक्फ बोर्ड के निर्देश एवं न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नई समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वय से एसडीएम, जिला कल्याण विभाग तथा पुलिस की उपस्थिति में नई समिति को विधिवत पदभार ग्रहण कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व समिति पदभार सौंपने में सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व समिति को किसी प्रकार की आपत्ति है तो वह अपनी शिकायत वक्फ बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है।

 

वहीं, पूर्व समिति के सचिव वाजिद खान ने नई समिति के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि समिति का गठन पारदर्शी तरीके से नहीं किया गया। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार स्थानीय लोगों की भागीदारी एवं मतदान के माध्यम से समिति का गठन होना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि उनके कार्यकाल में मजार के विकास कार्यों पर खर्च किए गए लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान पहले किया जाए। उनका कहना है कि इन मुद्दों के समाधान तक नई समिति को पदभार नहीं सौंपा जाएगा।

मौके पर मौजूद सहकारिता पदाधिकारी सह दंडाधिकारी घनश्याम मंडल ने बताया कि उपायुक्त एवं एसडीएम के निर्देश पर उन्हें नई समिति को पदभार ग्रहण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दोनों पक्षों के बीच शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास कर रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Recent Posts