धमतरी विधायक ओंकार साहू ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नवदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल, अर्जुनी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रातः 7:30 बजे उन्होंने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त की। ध्वजारोहण पश्चात विधायक साहू ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे लिए गर्व का दिन है, जब भारत ने अपना संविधान अपनाकर लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में विश्व में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, साथ ही कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विधायक ओंकार साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य आप सभी के हाथों में है। शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के माध्यम से ही एक मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार, हुकमचंद मिन्नी , सुश्री दीपमाला साहू , रमेश देव , पारसमणि साहू, मनीष चन्दाकर, योगेश गुप्ता, विवेक शरण साहेब , काजल मुजवानी, कृतिबाला महावर, प्रियंका देवांगन, प्रधानपाठक विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।







