धमतरी। शहर में आइसक्रीम डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक कारोबारी से करीब 19 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमलतास पुरम कॉलोनी निवासी कारोबारी शिव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने एक नामी आइसक्रीम कंपनी की डीलरशिप के लिए ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया था, लेकिन उस समय कोई जवाब नहीं मिला। मामला वहीं खत्म हो गया था। इसी बीच 9 दिसंबर 2025 को उनके पास एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कंपनी से जुड़ा बताते हुए डीलरशिप दिलाने की बात कही। भरोसा दिलाने के लिए विभिन्न औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं का हवाला दिया गया। फोन पर हुई बातचीत के बाद 10 से 15 दिसंबर के बीच डीलरशिप प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग किश्तों में करीब 19 लाख 50 हजार रुपये बताए गए खाते में जमा करा लिए गए। इसके बाद भी लगातार और रकम की मांग की जाने लगी, जिससे कारोबारी को संदेह हुआ। बैंक में खाते की जानकारी निकलवाने पर पता चला कि जिस खाते में पैसे भेजे गए हैं, वह किसी अन्य नाम से संचालित है। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि यह मामला साइबर ठगी से जुड़ा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार कारोबारी से डीलरशिप दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की डीलरशिप या निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर ही लेन-देन करें।







